मालनपुर : औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में गुरुवार को सृष्टि के प्रथम शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। पूरे औद्योगिक क्षेत्र में सुबह से ही पूजा की धूम देखने को मिली।औद्योगिक क्षेत्र में संचालित एमजी रबर इंडस्ट्रीज में विश्वकर्मा पूजा का भव्य आयोजन किया गया। पूजा कंपनी के यूनिट हेड अनिल कुमार कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कंपनी परिसर को फूल-मालाओं से सजाया गया था।इस अवसर पर यूनिट हेड अनिल कुमार कुमार गुप्ता ने कंपनी के सभी अधिकारियों, इंजीनियरों और कर्मचारियों के साथ भगवान विश्वकर्मा जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मंत्रोच्चार के साथ हवन में आहुति दी। इसके बाद कंपनी में संचालित सभी मशीनों, औजारों और प्लांट की भी पूजा की गई और तिलक लगाकर उनकी आरती की गई।
मशीनों को बताया प्रगति का आधार
इस दौरान यूनिट हेड श्री गुप्ता ने उपस्थित सभी कर्मचारियों को भगवान विश्वकर्मा पूजा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा शिल्प कला, वास्तुकला और निर्माण के देवता हैं। उन्हीं की कृपा से उद्योग और तकनीक का विकास होता है। मशीनें ही किसी भी उद्योग की प्रगति का आधार होती हैं, इसलिए उनकी पूजा और सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने सभी श्रमिकों से मशीनों की सुरक्षा और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की। पूजा कार्यक्रम के समापन के बाद सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रसाद वितरित किया गया।
अन्य कंपनियों में भी दिखा उत्साह
एमजी रबर के अलावा औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर की अन्य बड़ी कंपनियों सूर्या रोशनी इंडस्ट्रीज, स्टर्लिंग एग्रो (नोवा) जमना ऑटो इंडस्ट्रीज, एसआरएफ, सुप्रीम, वीआरएस (पारस),डेप्ट केमिकल, टेवा, बद्री विशाल, एलेक्सर सहित कई छोटी-बड़ी फैक्ट्रियों में भी भगवान विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। सभी जगह श्रमिकों ने सुबह अपनी-अपनी मशीनों की साफ-सफाई कर फूल-माला और धूप-दीप से पूजन किया और अपने उद्योग की निरंतर उन्नति तथा सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।






