ग्वालियर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को चौकी परिसर बरेठा, थाना महाराजपुरा में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और स्कूली विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर पुलिस अधीक्षक महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार, रक्षित निरीक्षक ग्वालियर रणजीत सिंह सिकरवार, थाना प्रभारी महाराजपुरा निरीक्षक यशवंत गोयल तथा बरेठा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रोहित सिंह भदौरिया की विशेष उपस्थिति रही।
पुलिस अधिकारियों के साथ विद्यार्थियों ने लगाए पौधे
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शिवाजी पब्लिक स्कूल और बचपन इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों की सहभागिता रही। दोनों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पेड़ों के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पेड़-पौधे पर्यावरण को स्वच्छ रखने, प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अधिकारियों ने बच्चों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रत्येक पौधे की जिम्मेदारी लेने और उसे संरक्षित करने का संकल्प भी दिलाया।
स्कूल संचालक ने अतिथियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान शिवाजी पब्लिक स्कूल एवं बचपन इंटरनेशनल स्कूल के संचालक दिनेश सिंह परिहार उर्फ बंटू ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने अतिथियों को शॉल, श्रीफल और भगवान श्रीराम की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।

गणमान्य नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की रही सहभागिता
वृक्षारोपण कार्यक्रम में चौकी क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, पत्रकारों, एमपीआरडीसी के अधिकारियों तथा बरेठा टोल प्लाजा की ओर से अमित सिंह राठौर, ओमवीर सिंह भदौरिया और टोल प्लाजा के स्टाफ ने भी सहभागिता की।
पुलिस अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों, पत्रकारों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की सामूहिक भागीदारी ने सामाजिक जिम्मेदारी और जनसहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने, अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण को सुरक्षित और हरा-भरा बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।






