परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र में ईएसबी, एसएससी, बैंकिंग एवं रेलवे के पदों की कराई जायेगी तैयारी
ग्वालियर : अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के छात्र-छात्राओं को आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र, ग्वालियर में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिए 150 स्थान स्वीकृत हैं। मध्यप्रदेश के मूल निवासी पात्र विद्यार्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ केंद्र में स्वयं उपस्थित होकर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रशिक्षण की अवधि छह माह रहेगी।
शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल भोपाल (ईएसबी) एवं एसएससी, बैंकिंग तथा रेलवे द्वारा आगामी महीनों में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र में कराई जायेगी। इनमें कृषि विस्तार अधिकारी, पंचायत समन्वयक अधिकारी व सहायक संपरीक्षक, प्रयोगशाला तकनीशियन, पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा, पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक आदि पदों की परीक्षाएं शामिल हैं।
प्रशिक्षण के दौरान सामान्य ज्ञान, विज्ञान एवं तकनीकी, अंग्रेजी, भूगोल, संविधान, इतिहास, कंप्यूटर, गणित एवं रीजनिंग तथा अर्थशास्त्र सहित सामान्य अध्ययन के विभिन्न विषयों की तैयारी विषय विशेषज्ञों द्वारा कराई जाएगी। विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी को बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से विषयवार मॉक टेस्ट भी आयोजित किए जाएंगे। केंद्र में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क पुस्तकालय एवं कंप्यूटर सुविधा भी उपलब्ध है।
निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक पात्र आवेदक आवश्यक प्रमाण-पत्रों के साथ केंद्र में स्वयं उपस्थित होकर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन के साथ जाति प्रमाण-पत्र तथा पात्रता परीक्षा के लिए उत्तीर्ण परीक्षाओं जैसे हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी एवं स्नातक परीक्षा की अंकसूची प्रस्तुत करना आवश्यक है।
विस्तृत जानकारी के लिये शारदा विहार सिटी सेंटर स्थित शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र में संपर्क किया जा सकता है।







