नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध में यूएस ने B-2 स्टील्थ बॉम्बर एयरक्राफ्ट का भी इस्तेमाल किया है। इससे जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें बी-2 बॉम्बर को सड़क पर ले जाते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि ईरान ने B-2 बॉम्बर को गिराकर उसे सड़कों पर घुमाया है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो एआई क्रिएटेड है। यूजर्स इसे सच मानकर शेयर कर रहे हैं।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘khanon_ka_khan’ ने 5 मार्च 2026 को इस वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “बी-2 बॉम्बर गिरा कर उसको ईरानी सड़कों पर घुमा रहे हैं।” वीडियो के करीब 2 लाख 66 हजार व्यूज हैं।

पड़ताल
वायरल वीडियो को देखने पर हमें यह संदेहास्पद लगा। इसके विंग्स सड़क से भी काफी चौड़े हैं और यह वहां आराम से ले जाया जा रहा है। आसपास की गाड़ियां नॉर्मल तरीके से चल रही हैं। साथ ही, एयरक्राफ्ट की नोज पहले ठीक दिखती है, जबकि अगले ही फ्रेम में वह क्षतिग्रस्त हो जाती है। इससे यह वीडियो हमें एआई क्रिएटेड लगा।

एआई की संभावना की जांच के लिए हमने इसे एआई डिटेक्शन टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ से चेक किया। इसमें यह वीडियो करीब 99 फीसदी एआई संभावित निकला।

‘साइट इंजन’ ने 76 फीसदी एआई संभावित बताते हुए इसके एआई टूल ‘सोरा’ से बनाए जाने की संभावना 70 फीसदी बताई।

एक अन्य एआई डिटेक्शन टूल ‘matrix.tencent’ ने भी इसे करीब 76 फीसदी एआई संभावित बताया।

इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि एयरक्राफ्ट के पंखों का फैलाव हाईवे की चौड़ाई से ज्यादा दिख रहा है, जबकि ट्रक बिना किसी रुकावट के आसानी से निकल गया। आसपास की गाड़ियां भी बिना रुके, सामान्य रफ्तार से आगे बढ़ रही हैं। इससे पता चलता है कि यह एआई की मदद से बना है।
इसके बाद हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। वायरल वीडियो को एक्स यूजर ‘@Cesariumeth’ ने 5 मार्च 2026 को शेयर करते हुए इसे एआई-जेनरेटेड बताया है।
यूएस सेंट्रल कमांड के आधिकारिक एक्स हैंडल से 1 मार्च 2026 को B-2 स्टील्थ बॉम्बर का वीडियो शेयर करते हुए लिखा गया, “कल रात, 2,000 lb बमों से लैस U.S. B-2 स्टील्थ बॉम्बर्स ने ईरान की मजबूत बैलिस्टिक मिसाइल फैसिलिटीज पर हमला किया। किसी भी देश को अमेरिका के इरादे पर कभी शक नहीं करना चाहिए।”
कीवर्ड से गूगल सर्च में हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे यह पुष्टि हो सके कि ईरान ने अमेरिका के B-2 स्टील्थ बॉम्बर एयरक्राफ्ट को मार गिराया है।
अलजजीरा की वेबसाइट पर 6 मार्च 2026 को दिए गए अपडेट के अनुसार, “युद्ध के सातवें दिन ईरान खाड़ी में अपने मिसाइल और ड्रोन हमले जारी रखे हुए है, जबकि US और इजरायल का दावा है कि उनका अभियान ईरान की सेना को कमजोर कर रहा है। युद्ध के सातवें दिन, रातभर तेहरान में कई जगहों पर बड़े धमाके हुए, जिनमें रिहायशी इलाके और तेहरान यूनिवर्सिटी के आस-पास के इलाके शामिल हैं। इजरायली जेट विमानों ने बेका घाटी के डौरिस समेत दक्षिणी और पूर्वी लेबनानी शहरों पर बमबारी की है। साथ ही, राजधानी बेरूत के दक्षिणी इलाकों को भी निशाना बनाया है।”

एआई वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 500 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: युद्ध के दौरान अमेरिका के B-2 स्टील्थ बॉम्बर एयरक्राफ्ट को गिराकर ईरानी सड़कों पर घुमाने के दावे से वायरल वीडियो एआई-निर्मित है।
The post Fact Check: B-2 बॉम्बर एयरक्राफ्ट को नष्ट कर ईरानी सड़कों पर घुमाने के दावे से AI वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.
Here is Closer video 

(ai) 


| ETHGas
(@Cesariumeth) 


