नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। इसमें एक एयरक्राफ्ट को गुफा से बाहर निकलते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि ईरान ने युद्ध में अब B-2 बॉम्बर जैसे दिखने वाले ड्रोन को बाहर निकाला है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो एआई निर्मित है। हालांकि, इस युद्ध में अमेरिका ने ईरान पर हमले के लिए B-2 स्टील्थ बॉम्बर्स का इस्तेमाल किया है।
क्या है वायरल पोस्ट?
एक्स यूजर ‘Muslim_Voice_Space’ ने 3 मार्च 2026 को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए दावा किया कि ईरान ने B-2 बॉम्बर जैसे दिखने वाले ड्रोन को युद्ध के लिए निकाला है।
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें शुरुआत में ‘ड्रोन’ का पंख गुफा से टकराते हुए दिखता है, लेकिन इसके बाद भी वह बिल्कुल सही तरीके से उड़ता हुआ देखा जा सकता है। इससे हमें वीडियो के वास्तविक नहीं होने की आशंका हुई।

हमने वीडियो के कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। सर्च में हमें यह वीडियो एक टिकटॉक यूजर्स की प्रोफाइल पर मिला। एक्सप्रेस वीपीएन की मदद से टिकटॉक यूजर ‘mortlib.hussain’ की प्रोफाइल पर यह वीडियो (आर्काइव लिंक) मिला। छह दिन पहले इस वीडियो को अपलोड किया गया था। इसके साथ में कोई अन्य जानकारी नहीं दी गई है। वीडियो पर ‘barland3’ लिखा हुआ है।

इस आधार पर हमने ‘barland3’ की आईडी सर्च की। इससे हम ‘barland3 Iran official king’ आईडी (आर्काइव लिंक) तक पहुंचे। हालांकि, इस पर कोई वीडियो पोस्ट नहीं मिला, लेकिन रीपोस्ट में इससे मिलती-जुलती वीडियो क्लिप पोस्ट की गई है। इस अकाउंट से अधिकतर एआई वीडियो रिपोस्ट किए गए हैं।

यांडेक्स सर्च की मदद से हमने इसकी कैशे फाइल चेक की तो पता चला कि इस अकाउंट से वीडियो पोस्ट किए गए थे, जा डिलीट कर दिए गए। इसका पहले नाम Barland (@barland3) (आर्काइव लिंक) था। इनका कैप्शन में लिखा है, “iran ready for war People of Iran raise their voices for freedom, justice, and human।” साथ में Iran Protests, Free lran, Woman Life Freedom, Stand With Iran, human rights जैसे हैशटैग्स इस्तेमाल किए गए हैं।

इसके बाद हमने एआई डिटेक्शन टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ से इस वीडियो को चेक किया। इसमें इसे एआई संभावित बताया गया।

अधिक पुष्टि के लिए हमने वीडियो को अपने सहयोगी, ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (DAU) के साथ शेयर किया, जो ‘ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन एलायंस’ (TIA) की एक पहल है। टीम ने वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को ‘इमेज व्हिसपरर’ से चेक किया। इनमें ये एआई संभावित निकले।

‘साइट इंजन’ में भी इसे 75 फीसदी एआई संभावित बताया गया। साथ ही, इसके ‘सोरा’ से बने होने की संभावना भी 70 फीसदी बताई गई।

इससे यह तो साफ हो गया कि वायरल वीडियो एआई निर्मित है।
क्या है संदर्भ?
1 मार्च 2026 को रॉयटर्स की वेबसाइट पर छपी रिपोर्ट के अनुसार, “अमेरिका ने 28 फरवरी 2026 को ईरानी ठिकानों पर कई तरह के हथियार छोड़े, जिनमें टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें, स्टील्थ फाइटर और ईरानी डिजाइन के हिसाब से बनाए गए वन-वे अटैक ड्रोन पहली बार लड़ाई में शामिल हुए। यूएस सेंट्रल कमांड ने ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के तहत ईरान पर हुए हमलों की डिटेल्स के साथ टॉमहॉक मिसाइलों, F-18 और F-35 फाइटर जेट्स की तस्वीरें जारी की हैं।”
B-2 Stealth Bomber!
रिपोर्ट के अनुसार, “यूएस ने 2,000 पाउंड के बमों से ईरान की अंडरग्राउंड मिसाइल फैसिलिटीज पर हमला करने के लिए B-2 स्टील्थ बॉम्बर्स तैनात किए। ‘नॉर्थरॉप ग्रुमैन’ (NOC.N) द्वारा निर्मित दो बिलियन डॉलर के फ्लाइंग विंग B-2 ने जून 2025 में ईरान की न्यूक्लियर साइट्स पर हमले करने में अहम भूमिका निभाई थी। बिना रीफ्यूलिंग के B-2 छह हजार नॉटिकल मील तक उड़ सकता है।”

बीबीसी की वेबसाइट पर 5 मार्च 2026 को दिए गए अपडेट के मुताबिक, “मिडिल ईस्ट (वेस्ट एशिया) में युद्ध के छठे दिन में इजरायल और ईरान ने नए हमले किए। इजरायल ने लेबनान और ईरान पर हमले किए। इजरायल में भी ईरानी हमलों की खबर है। तेल अवीव और यरुशलम में एयर रेड सायरन बजे और हमलों को रोकते समय आसमान में धमाके देखे गए। कतर और बहरीन में भी धमाकों की खबर है। अजरबैजान का कहना है कि उस पर दो ईरानी ड्रोन ने हमला किया। ईरान का कहना है कि उसने एक US जहाज पर हमला किया।”
एआई वीडियो को शेयर करने वाला यूजर एक खास विचारधारा से प्रभावित है और एक्स पर उसके 2500 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: यूएस के B-2 बॉम्बर एयरक्राफ्ट जैसे दिखने वाले ईरान के ड्रोन के दावे से वायरल वीडियो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है। यह वास्तविक नहीं है।
The post Fact Check: B-2 बॉम्बर एयरक्राफ्ट जैसा ड्रोन ईरान के पास होने के दावे से AI वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.



