नई दिल्ली (विश्वास न्यूज): सुप्रीम कोर्ट द्वारा यूजीसी (UGC) के नए नियमों पर रोक लगाने के बावजूद, सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें अभी भी फैलाई जा रही हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भारी भीड़ को मशालों के साथ सड़कों पर प्रदर्शन करते देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह दिल्ली में UGC के नए ‘समता विनियमन 2026’ के खिलाफ हो रहे ताज़ा विरोध प्रदर्शन का दृश्य है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि यह वीडियो न तो दिल्ली का है और न ही इसका UGC विवाद से कोई संबंध है। यह वीडियो अगस्त 2025 का है, जब छत्तीसगढ़ के रायपुर में यूथ कांग्रेस ने कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर swetaraghav501 ने वायरल वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “नरेंद्र मोदी के अत्याचार का आंदोलन दिल्ली से शुरू। UGC वापस ले सरकार।”
पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में कई जगह ‘वोट चोरी’, और ‘भारतीय युवा कांग्रेस’ लिखा देखा जा सकता है।
हमने कीवर्ड का इस्तेमाल करके सर्च किया तो हमें वायरल वीडियो से मिलते-जुलते विज़ुअल्स अगस्त 2025 में कई सोशल मीडिया एकाउंट्स पर मिले, जिनमें इसे छत्तीसगढ़ में हुए प्रदर्शन का बताया गया था।
कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें इस प्रदर्शन को लेकर कई खबरें मिलीं। दैनिक भास्कर की 14 अगस्त 2025 की एक रिपोर्ट में वायरल वीडियो के कुछ अंश देखे जा सकते हैं। खबर के अनुसार, ”14 अगस्त 2025 को रायपुर में यूथ कांग्रेस की मशाल रैली हुई, जिसे बीजेपी और कथित वोट चोरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के तौर पर किया गया था। इस रैली को इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में आयोजित किया गया था।”
ETV भारत की 14 अगस्त 2025 की खबर के अनुसार, “राजधानी रायपुर में मंगलवार रात एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बीजेपी पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने मशाल यात्रा निकालकर विरोध जताया। रायपुर में मशाल रैली: यह मशाल रैली युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में निकाली गई।”
इस मामले में पुष्टि के लिए हमने रायपुर में नईदुनिया के डिप्टी न्यूज एडिटर रामकृष्ण डोंगरे से बात की, जिन्होंने कन्फर्म किया कि वायरल वीडियो रायपुर में 14 अगस्त 2025 को हुए विरोध प्रदर्शन का है।
बीबीसी हिंदी की 29 जनवरी की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी के नए नियमों (उच्च शिक्षा संस्थान में समता के संवर्धन हेतु विनियम, 2026) पर अस्थायी रोक लगा दी है। अदालत ने माना कि इन नियमों में ‘प्रथम दृष्टया’ स्पष्टता की कमी है, जिससे इनके दुरुपयोग का खतरा बढ़ जाता है। यूजीसी ने ये नियम 13 जनवरी को जारी किए थे, जिस पर अब अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी।
फर्जी पोस्ट करने वाली इंस्टाग्राम यूजर swetaraghav501 के 1000 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
The post Fact Check: छत्तीसगढ़ की ‘मशाल रैली’ के पुराने वीडियो को दिल्ली में UGC के खिलाफ प्रदर्शन बताकर किया गया वायरल appeared first on Vishvas News.





