टॉप न्यूज़ खेल प्रौद्योगिकी भाषा मनोरंजन योजनाएं लोकसभा चुनाव विदेश साहित्य स्टार्टअप About us Citizen Reporter Contact Us Home

Fact Check: लोकसभा में बजट सत्र में पीएम मोदी और राहुल गांधी के आमने-सामने आने की तस्वीर AI निर्मित

Published on: 01/31/2026
0
0

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन के बाद 28 जनवरी 2026 से बजट सत्र की शुरुआत हो चुकी है। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एक तस्वीर वायरल हो रही है। कुछ यूजर्स फोटो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि बजट सत्र के दौरान संसद में दोनों आमने-सामने आ गए।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि वायरल दावा गलत है। वायरल तस्वीर असली नहीं, बल्कि एआई की मदद से तैयार की गई है। एआई की मदद से बनाई गई इस तस्वीर को अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Madhu Davi’ ने 30 जनवरी 2026 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “अगर फोटो आज के दिन और बजट सत्र की है तो काबिले तारीफ की है। रागा जिन्दाबाद।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से गूगल पर इस बारे में सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई न्यूज रिपोर्ट हमें नहीं मिली। फिर हमने गूगल लेंस के जरिए भी फोटो को सर्च किया, लेकिन वायरल दावे से जुड़ी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। ऐसे में हमें फोटो के एआई की मदद से बने होने का संदेह हुआ।

हमने इसे एआई डिटेक्शन टूल हाइव मॉडरेशन से चेक किया। टूल ने तस्वीर के 99 फीसदी से अधिक एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमने गूगल डीपमाइंड के Synth ID टूल का भी इस्‍तेमाल किया। यहां वायरल तस्‍वीर को सर्च करने पर नतीजों से पता चला कि यह तस्‍वीर एआई की मदद से बनाई गई है। नतीजे को नीचे देखा जा सकता है।

दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 28 जनवरी 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “18वीं लोकसभा के बजट सत्र का पहला हिस्सा बुधवार को लोकसभा और राज्यसभा की जॉइंट मीटिंग में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ शुरू हो गया है। राष्ट्रपति ने 45 मिनट की स्पीच में VB- G RAM G कानून का भी जिक्र किया। इस पर विपक्ष ने हंगामा किया और ‘कानून वापस लो’ के नारे लगाए। उधर, एनडीए सांसदों ने समर्थन में नारेबाजी की। पीएम मोदी और अमित शाह भी मेज थपथपाते नजर आए। बजट सत्र 28 जनवरी से 2 अप्रैल तक चलेगा। यह दो हिस्सों में होगा। पहला हिस्सा 28 जनवरी से 13 फरवरी तक और दूसरा हिस्सा 9 मार्च से 2 अप्रैल तक होगा। इस दौरान कुल 30 बैठकें होंगी। 28 जनवरी और 1 फरवरी को कोई शून्यकाल नहीं होगा।”

डीडीन्यूज की वेबसाइट पर 29 जनवरी 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “प्रश्न काल के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सदन के पटल पर आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 रखा। इसके बाद शून्य काल के प्रारंभ होने पर अध्यक्ष ने कार्यवाही को रविवार तक के लिए स्थगित कर दिया।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ संसद के बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत हो गई है। यह सत्र 28 जनवरी से 2 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। बजट से पहले 29 जनवरी 2026 को संसद में आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत किया गया, जिसमें देश की आर्थिक स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया है। अब 1 फरवरी 2026 को केंद्रीय बजट प्रस्तुत किया जाएगा।

अधिक जानकारी के लिए हमने वायरल पोस्ट को एआई टेक्नोलॉजी में काम कर रहे एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि इस तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 15 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने फेसबुक प्रोफाइल पर खुद को दिल्ली की रहने वाली बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बजट सत्र के दौरान पीएम मोदी और राहुल गांधी के आमने-सामने आने के दावे के साथ वायरल हो रही तस्वीर असली नहीं, बल्कि एआई की मदद से बनाई गई है।

The post Fact Check: लोकसभा में बजट सत्र में पीएम मोदी और राहुल गांधी के आमने-सामने आने की तस्वीर AI निर्मित appeared first on Vishvas News.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now
News Send

Leave a Comment

error: Content is protected !!