नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर इससे जुड़ी कई तस्वीरें और दावे वायरल हो रहे हैं। इसी क्रम में एक तस्वीर तेजी से शेयर की जा रही है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ शाहरुख खान और सलमान खान जैसे सुपरस्टार्स एक सिनेमा हॉल में बैठकर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ देखते हुए दिखाई दे रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि यह तस्वीर असली नहीं है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई (AI) टूल्स की मदद से बनाई गई है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘P. S. Thakur’ ने वायरल तस्वीर को शेयर किया है, जिसमें देश के बड़े राजनेता और अभिनेता एक साथ बैठे नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि ये सभी दिग्गज ‘बॉर्डर 2’ की स्पेशल स्क्रीनिंग का आनंद ले रहे हैं।
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को ध्यान से देखा। तस्वीर को ध्यान से देखने पर हमें इसमें कई खामियां नजर आती हैं। पीछे बैठे लोगों के चेहरे धुंधले और विकृत हैं, जो अक्सर एआई जेनरेटेड तस्वीरों में देखा जाता है।
हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए फोटो को एआई की मदद से बने मल्टीमीडिया की जांच करने वाले टूल्स से सर्च किया।
हमने हाइव मॉडरेशन टूल की मदद से तस्वीर को सर्च किया। इस टूल ने फोटो के 99 फीसदी तक एआई जेनरेटेड होने की संभावना बताई।

साइट इंजन टूल ने भी तस्वीर को 99% संभावना के साथ एआई निर्मित बताया।

हमने वायरल पोस्ट को एआई टेक्नोलॉजी में काम कर रहे एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि तस्वीर में मौजूद लोगों के चेहरे की बनावट काफी अजीब है। एआई से बनी तस्वीरों में इस तरह की खामियां होती है।
इसके बाद हमने गूगल पर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की ऐसी किसी भी हाई-प्रोफाइल स्क्रीनिंग की खबर खोजी, जिसमें ये सभी दिग्गज एक साथ शामिल हुए हों। हमें ऐसी कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें पीएम मोदी या सीएम योगी द्वारा फिल्म देखने का जिक्र हो। हालांकि, खबरों के अनुसार, दिल्ली भाजपा ने ‘बॉर्डर 2’ की एक विशेष स्क्रीनिंग जरूर आयोजित की थी, लेकिन उसमें इन दिग्गजों की मौजूदगी की कोई सूचना नहीं है।
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर ‘P. S. Thakur’ को 7000 से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
The post Fact Check: प्रधानमंत्री मोदी और अन्य दिग्गजों के ‘बॉर्डर 2’ देखने की वायरल तस्वीर AI निर्मित है appeared first on Vishvas News.





