नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। 6 जनवरी 2026 को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक शिया मस्जिद में हुए धमाके में 31 लोगों की जान चली गई और कई लोग जख्मी हुए। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। वायरल तस्वीर में सड़क पर धमाके के बाद का मंजर देखा जा सकता है। इस तस्वीर को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर इस्लामाबाद की शिया मस्जिद में हुए आत्मघाती धमाके की है।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में हमने पाया कि वायरल तस्वीर हालिया घटना की नहीं है। जांच में पता चला कि यह तस्वीर दिसंबर 2022 में इस्लामाबाद में हुए एक आत्मघाती हमले के बाद की है, जब सुरक्षा अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे थे।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर मुनेश कुमार गुप्ता ने 8 फरवरी को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “जुमे की नमाज के बाद दहशत का मंजर। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक शिया मस्जिद में हुए आत्मघाती धमाके में 68 लोगों की मौत हो गई, जबकि 169 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना जबरदस्त था कि उसकी गूंज करीब 5 किलोमीटर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।”

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल तस्वीर को सर्च किया। सर्च में हमें ‘taipeitimes.com’ नाम की वेबसाइट पर वायरल तस्वीर एक खबर के साथ अपलोड की हुई मिली। 27 दिसंबर 2022 की खबर के अनुसार, ”इस्लामाबाद में बम धमाके के बाद पुलिस अधिकारी जगह की जांच कर रहे हैं।” यहां फोटो क्रेडिट में EPA इमेजेज लिखा हुआ दिखा।

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हम फोटो एजेंसी ‘epaimages’ की वेबसाइट पर पहुंचे। यहां कीवर्ड सर्च किए जाने पर हमें वायरल और इसी मौके की और भी कई तस्वीरें अपलोड की हुई मिलीं। दी गई जानकारी के अनुसार, “पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारी 23 दिसंबर 2022 को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में बम धमाके वाली जगह का मुआयना कर रहे हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक सोहेल जफर चट्टा के अनुसार, इस्लामाबाद में एक आत्मघाती हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और चार पुलिस अधिकारियों और दो नागरिकों सहित कम से कम छह लोग घायल हो गए। धमाका एक पॉश मार्केट, यूनिवर्सिटी और सरकारी दफ्तर के इलाके के पास हुआ।”

‘अलामी डॉट कॉम’ पर भी हमें इस हमले की तस्वीरें मिलीं।
इसी कड़ी में न्यूज सर्च किए जाने पर हमें 23 दिसंबर 2022 को डॉन न्यूज की वेबसाइट पर खबर मिली। दी गई जानकारी के अनुसार, ”इस्लामाबाद में एक आत्मघाती हमला हुआ, जब संदिग्ध कार को रोकने पर उसमें सवार हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। इस हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि चार पुलिसकर्मियों समेत कम से कम छह लोग घायल हुए हैं।” इस मामले से जुड़ी कुछ और खबरें इन न्यूज वेबसाइट्स पर पढ़ी जा सकती हैं।
बता दें, 6 फरवरी 2026 को जुमे की नमाज के दौरान इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में एक शिया मस्जिद में आत्मघाती बम धमाका हुआ। इस हमले में कम से कम 31 लोग मारे गए और 169 अन्य घायल हो गए । इससे जुड़ी खबरें डॉन न्यूज और बीबीसी की वेबसाइट पर पढ़ी जा सकती हैं।
वायरल पोस्ट के दावे की पुष्टि के लिए हमने पाकिस्तान के पत्रकार आदिल अली से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह तस्वीर पुरानी है ।
अब बारी थी भ्रामक पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर मुनेश कुमार गुप्ता की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को साढ़े छह हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। वहीं, यूजर फेसबुक पर एक्टिव तौर पर पोस्ट करता है।
The post Fact Check: पाकिस्तान की शिया मस्जिद में हुए धमाके की नहीं है तस्वीर, पुरानी फोटो वायरल appeared first on Vishvas News.




