टॉप न्यूज़ खेल प्रौद्योगिकी भाषा मनोरंजन योजनाएं लोकसभा चुनाव विदेश साहित्य स्टार्टअप About us Citizen Reporter Contact Us Home

Fact Check:  हामिद अंसारी ने ‘मोहम्मद दीपक’ के समर्थन में नहीं दिया कोई बयान, वायरल दावा फर्जी

Published on: 02/06/2026
0
0

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तराखंड के कोटद्वार में कपड़े की एक दुकान के नाम को लेकर चल रहे विवाद से जोड़ते हुए एक पोस्ट वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पर इस पोस्ट को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि दुकानदार का साथ देने वाले और अपना नाम ‘मोहम्मद दीपक’ बताने वाले शख्स का समर्थन पूर्व उप-राष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी ने किया है। साथ ही कहा है, “मोहम्मद दीपक की तरह हर एक कांग्रेसी को अपने नाम के आगे मोहम्मद लगाना चाहिए। हर हिंदू कांग्रेसी परिवार अपना बड़ा बेटा मुसलमान बनाए और बड़ी बेटी मुसलमान के घर ही ब्याहे।”

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। मोहम्मद हामिद अंसारी ने इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है। इस पोस्‍ट में जी न्यूज के ग्राफिक को एडिट कर मोहम्मद हामिद अंसारी के फर्जी बयान के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘Mayur Patil’ ने 4 फरवरी 2026 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “कांग्रेसियों के लिए फतवा निकाल दिया है इस चिचा ने।”

पोस्ट पर लिखा हुआ है, “मोहम्मद दीपक की तरह हर एक कांग्रेसी को अपने नाम के आगे मोहम्मद लगाना चाहिए। हर हिंदू कांग्रेसी परिवार अपना बड़ा बेटा मुसलमान बनाएं और बड़ी बेटी मुसलमान के घर ही ब्याहे।” – मोहम्मद हामिद अंसारी

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। अगर पूर्व उप-राष्‍ट्रपति ने इस तरह का कोई बयान दिया होता, तो उससे जुड़ी कोई न कोई न्यूज रिपोर्ट जरूर मौजूद होती।

वायरल ग्राफिक में जी न्यूज का लोगो लगा हुआ है। ऐसे में हमने जी न्यूज के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमें असली ग्राफिक जी न्यूज के आधिकारिक पेज पर 30 जनवरी 2026 को शेयर हुआ मिला। कैप्शन में लिखा है, “हाल ही में एक पॉडकास्ट में पूर्व उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी ने मुस्लिम को लेकर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की।”

असली ग्राफिक पर लिखा हुआ है, “मुस्लिम 10 हजार बार हज करने जाएंगे लेकिन स्कूल के लिए चंदा नहीं देंगे – मोहम्मद हामिद अंसारी।”

नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 4 फरवरी 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “77वें गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को कोटद्वार में वकील अहमद रोज की तरह अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान कुछ युवक दुकान पर पहुंचे और दुकान के नाम पर सवाल उठाने लगे। पहले तो दुकान के नाम पर बवाल किया और फिर बुजुर्ग से नाम बदलने के लिए कहने लगे। तनाव बढ़ता देख दीपक कश्यप बीच में आ गए। युवकों ने उनसे उनका नाम पूछा तो उन्होंने अपना नाम ‘मोहम्मद दीपक’ बताया। नोकझोंक के बाद युवक वहां से चले गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया में आते ही बहस छिड़ गई।”

अधिक जानकारी के लिए हमने हामिद अंसारी के पीए से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल बयान फर्जी है और एडिटेड ग्राफिक को फर्जी दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब छह हजार लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मोहम्मद हामिद अंसारी ने उत्तराखंड में कपड़ा दुकान को लेकर चल रहे विवाद पर कोई बयान नहीं दिया है। जी न्यूज के ग्राफिक को एडिट कर मोहम्मद हामिद अंसारी के फर्जी बयान के साथ वायरल किया जा रहा है।

The post Fact Check:  हामिद अंसारी ने ‘मोहम्मद दीपक’ के समर्थन में नहीं दिया कोई बयान, वायरल दावा फर्जी appeared first on Vishvas News.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now
News Send

Leave a Comment

error: Content is protected !!