टॉप न्यूज़ खेल प्रौद्योगिकी भाषा मनोरंजन योजनाएं लोकसभा चुनाव विदेश साहित्य स्टार्टअप About us Citizen Reporter Contact Us Home

Fact Check : पीएम ने भोजपुरी गायक को नहीं, पवन कल्‍याण को बताया था आंधी, पुराने वीडियो से की गई छेड़छाड़ 

Published on: 11/04/2025
0
0

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। बिहार में विधानसभा चुनाव के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि यह पवन नहीं आंधी है। पीएम मोदी के इस बयान को भोजपुरी गायक पवन सिंह की तारीफ बताते हुए वायरल किया जा रहा है। 

विश्‍वास न्‍यूज ने विस्‍तार से इसकी जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। दरअसल, 7 जून 2024 को पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में एनडीए संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने जनसेना पार्टी के चीफ पवन कल्‍याण की तारीफ करते हुए आंधी वाली बात कही थी। उसी हिस्‍से को अब बिहार चुनाव के बीच पवन सिंह से जोड़ते हुए वायरल किया जा रहा है। वर्तमान में पवन कल्‍याण आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और पीठापुरम के विधायक हैं। 

क्‍या हो रहा है वायरल? 

इंस्‍टाग्राम हैंडल दीपक गुप्‍ता ने 3 नवंबर को एक रील पोस्‍ट करते हुए लिखा कि मोदी जी भी मान गए पवन नहीं आंधी है। 

रील के पहले हिस्‍से में पीएम मोदी को पवन नहीं आंधी है, बोलते हुए दिखाया गया है, जबकि दूसरे हिस्‍से में पवन सिंह की क्लिप जोड़ी गई है। इससे ऐसा लग रहा है कि पीएम ने भोजपुरी सिंगर पवन सिंह की तारीफ में आंधी वाली बात कही है। 

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें। 

पड़ताल 

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच के लिए सबसे पहले कीवर्ड सर्च का इस्‍तेमाल किया। दावे के आधार पर कुछ कीवर्ड बनाकर गूगल ओपन सर्च टूल की मदद से खोजा गया। हमें पाञ्चजन्य पत्रिका के सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म पर असली वीडियो मिला। 7 जून 2024 के इस वीडियो में पवन कल्‍याण को भी देखा जा सकता है। जब पीएम मोदी कहते हैं कि यह पवन नहीं आंधी है तो पवन कल्‍याण हाथ जोड़कर अभिवादन करते हैं। 

सर्च के दौरान हमें एनडीटीवी की वेबसाइट पर भी एक खबर मिली। 12 जून 2024 की इस खबर में भी बताया गया कि जब पीएम मोदी को संसदीय दल का नेता चुना गया, तब पीएम मोदी ने भी पवन कल्याण की जमकर प्रशंसा की। इस खबर की हेडिंग की शुरुआत में ही लिखा गया, ‘पवन नहीं, आंधी है…’

पड़ताल के दौरान हमने भाजपा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल को स्‍कैन किया। हमें 7 जून 2024 को लाइव हुआ एक वीडियो मिला। इसे देखने से यह स्‍पष्‍ट हो गया कि पीएम मोदी ने पवन कल्‍याण की तारीफ में आंधी वाली बात कही थी। दरअसल, पिछले लोकसभा चुनाव के बाद एनडीए के सभी दलों ने मिलकर नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से प्रधानमंत्री पद के लिए चुना था। जिसके बाद पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में एनडीए संसदीय दल की मीटिंग में मोदी ने नेताओं को संबोधित किया था। उसी दौरान नरेंद्र मोदी ने पवन कल्‍याण के लिए कहा था कि यह पवन नहीं, आंधी है। 1:25:15 की टाइम लाइन पर पीएम मोदी को आंध्र प्रदेश की जीत पर यह बोलते हुए साफ देखा जा सकता है कि यह पवन नहीं, आंधी है।  

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए भाजपा के प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि दरअसल वायरल वीडियो में पीएम मोदी ने पवन कल्‍याण की तारीफ करते हुए आंधी वाली बात कही थी।

पड़ताल के अंत में गलत दावा करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि यूजर ने इंस्‍टाग्राम पर यह हैंडल नवंबर 2021 को बनाया था। इसे नौ सौ से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। 

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट में किया गया दावा फर्जी साबित हुआ। पीएम मोदी ने पिछले साल एनडीए की संसदीय दल की बैठक के दौरान पवन कल्‍याण की तारीफ करते हुए आंधी वाली बात कही थी। इसका भोजपुरी गायक पवन सिंह से कोई संबंध नहीं है। 

The post Fact Check : पीएम ने भोजपुरी गायक को नहीं, पवन कल्‍याण को बताया था आंधी, पुराने वीडियो से की गई छेड़छाड़  appeared first on Vishvas News.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now
News Send

Leave a Comment

error: Content is protected !!