नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आजम खान करीब एक माह पहले जेल से जमानत पर बाहर आए हैं। इनसे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें आजम खान की तस्वीर के साथ दावा किया गया कि उन्होंने कहा है कि यादव भविष्य के कट्टर मुसलमान बनकर उभरेंगे।
विश्वास न्यूज की जांच में आजम खान का वायरल दावा फेक निकला। आजम खान ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर surjitrajput77 ने 24 अक्टूबर को यह पोस्ट (आर्काइव लिंक) शेयर की है। इस पर आजम की तस्वीर के साथ में लिखा है, “यादव समाज भविष्य के कट्टर मुसलमान बनकर उभरेंगे- आजम खान, सपाई”।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। अगर आजम खान ने ऐसा कोई बयान दिया होता, तो मीडिया में जरूर आता, लेकिन सर्च में हमें ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके।
इसके बाद हमने एक्स एडवांस सर्च की मदद से उनके बेटे और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खान का एक्स हैंडल भी स्कैन किया, लेकिन इस बयान से संबंधित कोई पोस्ट नहीं मिली।
इस बारे में हमने आजम खान के बेटे और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खान से संपर्क कर उनको वायरल पोस्ट भेजी। अब्दुल्ला आजम ने इस पोस्ट को फेक बताते हुए कहा कि आजम खान ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
रामपुर में दैनिक जागरण के चीफ रिपोर्टर मोहम्मद मुसलिमीन ने भी इस पोस्ट को फेक बताया है। उन्होंने कहा कि आजम खान का इस तरह का कोई भी बयान उनकी जानकारी में नहीं आया है। उनके नाम से इस तरफ से कई फर्जी बयान समय-समय पर वायरल होते रहे हैं।
रामपुर में स्वतंत्र पत्रकार ओमपाल ने भी इस बारे में कहा कि आजम खान के बारे में वायरल हो रही पोस्ट फर्जी है।
30 अक्टूबर को नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, आजम करीब एक माह पहले लगभग दो साल बाद सीतापुर जेल से जमानत पर बाहर आए हैं। 29 अक्टूबर को कोर्ट ने निजी स्कूल की मान्यता लेने के फर्जीवाड़े में उनके खिलाफ आरोप तय किए हैं। इस मामले में आजम के अलावा उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बीएसए ऑफिस के बाबू भी आरोपी हैं।
आजम खान के नाम से फर्जी बयान पोस्ट करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के 17 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
The post Fact Check: सपा नेता आजम खान के नाम से यादव समाज को लेकर फेक बयान वायरल appeared first on Vishvas News.




