टॉप न्यूज़ खेल प्रौद्योगिकी भाषा मनोरंजन योजनाएं लोकसभा चुनाव विदेश साहित्य स्टार्टअप About us Citizen Reporter Contact Us Home

Fact Check: जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि देने का नहीं, जन्‍माष्‍टमी का है वायरल वीडियो

Published on: 10/24/2025
0
0

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश के जाने-माने सिंगर जुबीन गर्ग अपने साथियों के साथ सिंगापुर के एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, लेकिन पानी में डूबने से 19 सितंबर को उनका निधन हो गया। वहीं,  23 सितंबर को गुवाहाटी में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अब तकरीबन एक महीने बाद सोशल मीडिया पर डांस करते कुछ लोगों का एक वीडियो वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में कई लोगों को मिट्टी में डांस करते हुए देखा जा सकता है। वहीं, आस- पास बहुत-से लोगों की भीड़ नजर आ रही है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो दिवंगत गायक जुबीन गर्ग के अंतिम संस्कार स्थल ‘जुबीन क्षेत्र ‘ का है, जहां उनको श्रद्धांजलि देते हुए उनके फैंस ने डांस किया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो जुबीन गर्ग की मौत से पहले का है। असम का यह वीडियो उस वक्त का है, जब जन्माष्टमी में एक पारंपरिक जश्न मनाया गया था। उसी वीडियो को फर्जी दावे के साथ वायरल कर दिया गया है।

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर ‘binki_naba_91’ ने 21 अक्टूबर को शेयर किया। वीडियो पर लिखा है, अनुवादित: “जुबीन दा भगवान हैं, जुबीन श्मशान स्थल पर जीवन में पहली बार यह नृत्य देखा है। हे भगवान। कितना भावुक पल है। यह सब केवल जुबीन दा की वजह से है।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल दावे की जांच के लिए सबसे पहले वीडियो के कई की-फ्रेम निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च करने पर हमें यह वीडियो अबर सोक नाम के एक यूट्यूब चैनल पर 17 सितंबर 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, यह जन्माष्टमी का राजापुखरी का वीडियो है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने यह जानने की कोशिश की कि राजापुखरी किस राज्य में है। जानकारी के लिए हमने गूगल ओपन सर्च किया। विलेज इन्फो डॉट इन पर दी गई जानकारी के अनुसार, राजापुखरी असम में गोलाघाट जिले में स्थित एक गांव है।

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और वीडियो को की-वर्ड और टाइम टूल की मदद से सर्च करना शुरू किया। सर्च में हमें यह वीडियो दीप कुमार नाम के एक फेसबुक पेज पर 16 सितंबर 2025 को अपलोड किया हुआ मिला।

 इसी वीडियो पर यूजर ने एक कमेंट का रिप्लाई करते हुए इस वीडियो को राजापुखरी में आयोजित जन्माष्टमी का वीडियो बताया।

बता दें, इस यूजर ने वायरल वीडियो को 16 सितंबर को अपलोड किया है, जबकि खबरों के अनुसार, गायक जुबीन गर्ग का निधन 19 सितंबर को हुआ है ।

असम ट्रिब्यून की 24 अक्टूबर 2025 की खबर के अनुसार, “असम सरकार ने दिवंगत गायक ज़ुबीन गर्ग के हातिमुरा, कमरकुची स्थित अंतिम संस्कार स्थल को आधिकारिक नाम ज़ुबीन क्षेत्र कर दिया है। वहीं, सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक आने का समय निर्धारित किया है। निर्धारित समय के दौरान ही श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। इस समय के बाद किसी भी आगंतुक को आने की अनुमति नहीं होगी।

खबरों के अनुसार, गायक जुबिन गर्ग का निधन 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया। मामले की जांच के लिए असम पुलिस की SIT बनाई गई है, जिसने जुबिन के मैनेजर, आयोजनकर्ता और सुरक्षा कर्मियों पर केस दर्ज कर कई गिरफ्तारियां भी हुई हैं। वहीं, पार्थिव शरीर को 23 सितंबर 2025 को राजकीय सम्मान के साथ गुवाहाटी के पास अंतिम संस्कार किया गया था।

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने असम के पत्रकार रंगमन दास से संपर्क किया। उन्होंने हमें जानकारी देते हुए बताया, इस वीडियो का जुबीन गर्ग से कोई संबंध नहीं है। यह एक पारंपरिक संस्कृति से जुड़ा जन्माष्टमी का वीडियो है।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर binki_naba_91′ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को 459 लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। इस वीडियो का सिंगर जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि दिए जाने से कोई संबंध नहीं है। यह असम में होने वाली पारंपरिक संस्कृति से जुड़ा जन्माष्टमी का वीडियो है।

The post Fact Check: जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि देने का नहीं, जन्‍माष्‍टमी का है वायरल वीडियो appeared first on Vishvas News.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now
News Send

Leave a Comment

error: Content is protected !!