मालनपुर : आज शिवाजी पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ बड़े उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कर किया गया कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिसर में खेल ग्राउंड में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर स्कूल संचालक दिनेश सिंह परिहार उर्फ बंटू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, चेयर रेस, दौड़ प्रतियोगिता सहित कई अन्य खेलों का आयोजन किया गया। विभिन्न वर्गों में आयोजित प्रतियोगिताओं में छात्रों ने अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी और खो-खो मुकाबलों में खिलाड़ियों ने रोमांचक प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं, वहीं छोटे बच्चों की चेयर रेस विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संचालक दिनेश सिंह परिहार ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी उत्साह के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेताओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय स्टाफ एवं अभिभावकों ने आयोजन की सराहना की और इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।





