ग्वालियर : मंगलवार को कलेक्ट्रेट में हुई जन-सुनवाई में 83 लोगों की समस्यायें सुनी गईं। अपर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने एक – एक कर सभी आवेदकों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।
जन-सुनवाई में प्राप्त हुए 83 आवेदनों में से 30 दर्ज किए गए। शेष 53 आवेदन संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को सीधे ही निराकरण के लिये दिए गए। सभी अधिकारियों को समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। जन-सुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली इत्यादि से संबंधित समस्यायें प्राप्त हुईं। जमीन संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए गए हैं। जनसुनवाई में मदद की आस में पहुँचे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी कराया गया।
संयुक्त कलेक्टर श्री सुरेश कुमार बरहादिया, सुश्री जूरी गर्ग व सुश्री मनीषा कौल एवं डिप्टी कलेक्टर श्री अनिल राघव सहित अन्य अधिकारियों ने जन सामान्य से आवेदन प्राप्त कर निराकरण की कार्यवाही की।




